अपराध

स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था सेक्स रैकेट, 4 गिरफ्तार

हल्द्वानी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर चलाए जा रहे अनैतिक देह व्यापार विरोधी अभियान के तहत एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (एएचटीयू) और हल्द्वानी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्पा सेंटर की आड़ में संचालित सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर छह युवतियों को रेस्क्यू किया है।

पुलिस के अनुसार गुरुवार शाम एएचटीयू और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम ने नैनीताल रोड स्थित गुरु हरिकिशन कॉम्प्लेक्स के एक स्पा सेंटर पर छापेमारी की। पुलिस को लंबे समय से यहां अनैतिक गतिविधियां संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर की गई कार्रवाई में स्पा सेंटर के भीतर आपत्तिजनक गतिविधियां संचालित होती मिलीं।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने 16 इस्तेमालशुदा और चार पैकेट सीलबंद कंडोम, 4320 रुपये नकद तथा दो एंट्री रजिस्टर बरामद किए। मौके से छह युवतियों को रेस्क्यू कर काउंसलिंग के लिए वन स्टॉप सेंटर भेजा गया।
पुलिस ने मामले में नीरज सिंह, कार्तिकेय गुप्ता, पूनम और अतुल ठाकुर को गिरफ्तार किया है। वहीं स्पा सेंटर संचालक राहुल जायसवाल को नामजद करते हुए फरार बताया गया है, जिसकी तलाश की जा रही है।

इस संबंध में कोतवाली हल्द्वानी में अनैतिक व्यापार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता कर रहे हैं।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि जनपद में देह व्यापार और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button