कुंनार-गेस मोटर मार्ग पर दर्दनाक हादसा, वाहन कैल नदी में गिरा
चार की मौत, दो घायलों को पहुंचाया गया है नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में अन्य की तलाश जारी

ज्योर्तिमठ।
चमोली के दूरस्थ विकासखंड देवाल में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कुंनार-गेस मोटर मार्ग पर एक वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में लुढ़कते हुए सीधे कैल नदी में जा गिरा। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वाहन में कुल सात लोग सवार बताए जा रहे हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुंनार के समीप वाहन चालक अचानक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। देखते ही देखते वाहन सड़क से नीचे गहरी खाई में गिरता हुआ उफनती कैल नदी में समा गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बताया जा रहा है कि दुर्घटना के दौरान एक महिला और एक बच्चा वाहन से छिटककर बाहर गिर गए, जिससे उनकी जान बच गई। दोनों को चोटें आई हैं। प्रशासन और स्थानीय लोगों की मदद से कुल तीन घायलों को सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार के बाद नजदीकी अस्पताल भेजा गया।




