उत्तराखंड

घर से लापता 5 वर्षीय मासूम का गदेरे में मिला शव, बारिश बनी काल

बालगंगा के खिरबेल गांव में मातम, रातभर चला सर्च ऑपरेशन

नई टिहरी :

टिहरी गढ़वाल के बालगंगा तहसील अंतर्गत खिरबेल गांव में चार वर्षीय मासूम की दर्दनाक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। शुक्रवार को घर से अचानक लापता हुआ मासूम अयांस (अंशु) पुत्र पूरण सिंह जुगत्वाण उम्र 5 वर्ष, शनिवार सुबह गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर एक गदेरे में मृत अवस्था में मिला। लगातार हुई बारिश के कारण उफनाए गदेरे में बह जाने की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब चार बजे अंशु की मां नीतू देवी घर में आराम कर रही थीं। इसी दौरान अंशु चुपके से घर से बाहर निकल गया। जब काफी देर तक वह वापस नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। देखते ही देखते पूरे गांव में अफरातफरी मच गई और ग्रामीणों ने आसपास के जंगलों, खेतों व गदेरों में खोजबीन शुरू कर दी।

सूचना मिलने पर राजस्व विभाग, पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीमें भी मौके पर पहुंचीं। देर रात तक संयुक्त रूप से सर्च ऑपरेशन चलाया गया, लेकिन बच्चे का कोई सुराग नहीं लग पाया। रातभर ग्रामीण भी खोजबीन में जुटे रहे। इस दौरान किसी ने जंगली जानवर के हमले की आशंका जताई तो किसी ने अन्य कयास लगाए।

ग्राम प्रधान रामप्यारी देवी ने बताया कि अयांस (अंशु) के घर से बाहर निकलने के तुरंत बाद क्षेत्र में तेज बारिश और आंधी-तूफान शुरू हो गया। आशंका है कि मासूम घर लौटने के बजाय गदेरे की ओर चला गया, जहां बारिश के कारण जलस्तर काफी बढ़ गया था और वह तेज बहाव में बह गया।

पुलिस ने बताया कि पुलिस, एसडीआरएफ और वन विभाग की टीम देर रात्रि से सर्च कर रही थी, शनिवार सुबह फिर से खोज अभियान शुरू किया गया। करीब 12 बजे गांव से लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर सुनार्ती तौक के गदेरे में पानी और मिट्टी में दबा अयांस का शव बरामद हुआ। शव मिलने के बाद पूरे गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस और राजस्व विभाग ने आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को कब्जे में लेकर अग्रिम प्रक्रिया शुरू कर दी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button