कांवड़ मेले को कुंभ मेले की बड़ी सौगात, वर्षों पुराना अधूरा मार्ग अब हुआ लगभग तैयार।

हरिद्वार। आगामी कांवड़ मेले से पहले श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों के लिए एक बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। वर्ष 2021 के कुंभ मेले के दौरान शुरू की गई एक महत्वपूर्ण सड़क परियोजना, जो लंबे समय से अधूरी पड़ी थी, अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। इस मार्ग के तैयार होने से कांवड़ मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी और इसे मेले की “लाइफ लाइन” के रूप में देखा जा रहा है।जानकारी के अनुसार, कुंभ मेले के विकास कार्यों के तहत श्री यंत्र मंदिर से बैरागी कैंप होते हुए ओम पुल के सामने राष्ट्रीय राजमार्ग तक एक वैकल्पिक मार्ग का निर्माण कराया गया था। इस परियोजना में लगभग 10-10 करोड़ रुपये की लागत से दो बौ स्टिंग सेतु बनाए गए थे, जबकि सड़क निर्माण पर भी करीब 12 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। कुल मिलाकर लगभग 32 करोड़ रुपये की लागत वाली यह परियोजना लंबे समय से अधूरी होने के कारण अपने उद्देश्य को पूरा नहीं कर पा रही थी।
विवाद की वजह लगभग 800 मीटर का वह हिस्सा था, जिस पर वन विभाग ने अपना स्वामित्व जताते हुए निर्माण कार्य पर रोक लगा दी थी। सड़क निर्माण रुकने से यह मार्ग वर्षों तक अधूरा पड़ा रहा। कई बार वन विभाग द्वारा रास्ते में गहरी खाई खोदकर आवागमन भी बाधित कर दिया जाता था, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। बैरागी कैंप की ओर जाने वाले बड़े वाहनों और स्थानीय निवासियों को खराब रास्ते के कारण कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था तथा दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी।
अब मेलाधिकारी सोनिका के प्रयासों और समन्वय से इस लंबे समय से लंबित समस्या का समाधान निकलता दिखाई दे रहा है। अधूरे हिस्से पर सड़क निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है और लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उम्मीद है कि यह मार्ग दो चार दिनों में कांवड़ पूरी तरह तैयार हो जाएगा।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कुंभ मेले में शुरू हुई यह परियोजना अब कांवड़ मेले के लिए बड़ी सौगात साबित होगी। मार्ग के चालू होने से भारी वाहनों की आवाजाही सुगम होगी, यातायात का दबाव कम होगा और आसपास के क्षेत्रों के लोगों को भी स्थायी राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने इस कार्य के लिए मेला प्रशासन की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
कुंभ मेला कार्यों की बड़ी उपलब्धि, तकनीकी बाधाएं दूर कर बनाया गया मार्ग
अपर मेला अधिकारी दयानंद सरस्वती ने बताया कि इस मार्ग के निर्माण में कई प्रकार की तकनीकी अड़चनें सामने आ रही थीं, जिसके कारण कार्य लंबे समय से प्रभावित था। विभिन्न विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर और आपसी समझदारी से सभी समस्याओं का समाधान किया गया। उन्होंने कहा कि विभागों के सहयोग से मार्ग निर्माण का रास्ता साफ हुआ, जिससे श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों को आवागमन में बेहतर सुविधा मिलेगी।
कुंभ विकास कार्यों में सड़क शामिल होने पर जताया आभार
नगर निगम हरिद्वार के पार्षद सचिन अग्रवाल ने कुंभ विकास कार्यों में सड़क निर्माण शामिल किए जाने पर मेला अधिकारी सोनिका का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस सड़क से उनके क्षेत्र के करीब 10 हजार लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही आगामी कांवड़ मेला और महाकुंभ के दौरान श्रद्धालुओं को भी आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी तथा यातायात व्यवस्था अधिक सुगम होगी।
स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत: शिवानी सिंह
स्थानीय निवासी शिवानी सिंह ने कहा कि वह रोज इसी सड़क से अपने कार्यालय आती-जाती हैं। सड़क की बदहाल स्थिति के कारण कई बार दुर्घटना का खतरा बना रहा और वह स्वयं भी चोटिल होने से बाल-बाल बची हैं। उन्होंने कहा कि सड़क खराब होने से क्षेत्रवासियों को रोजाना भारी परेशानी उठानी पड़ती थी। अब सड़क बनने से आवागमन सुरक्षित होगा और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।



