उत्तराखंड

वन्यजीव के हमले से 21 वर्षीय महिला की मौत, जांच में जुटा वन विभाग

अल्मोड़ा में वन्यजीव के हमले से 21 वर्षीय महिला की मौत, जांच में जुटा वन विभाग
अल्मोड़ा, 3 अगस्त। अल्मोड़ा वन प्रभाग के मोहान रेंज अंतर्गत डभरा सौराल तोक घोड़ीधार क्षेत्र में वन्यजीव के हमले में 21 वर्षीय एक महिला की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और शव को बरामद कर लिया। फिलहाल वन विभाग यह पता लगाने में जुटा है कि हमला किस वन्यजीव ने किया।
प्रभागीय वनाधिकारी दीपक सिंह ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के क्षेत्र का गहन निरीक्षण किया जा रहा है। पदचिह्नों, साक्ष्यों और अन्य संकेतों के आधार पर हमलावर वन्यजीव की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
घटना के बाद क्षेत्र में हाई अलर्ट जारी कर दिया गया है। क्यूआरटी (क्विक रिस्पॉन्स टीम) को सक्रिय करते हुए संवेदनशील इलाकों में गश्त बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों से सुबह-शाम अकेले जंगल या झाड़ीदार क्षेत्रों में न जाने, समूह में आवागमन करने और पशुओं को सुरक्षित स्थानों पर बांधने की अपील की गई है। साथ ही वन्यजीव की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए ट्रैप कैमरे भी लगाए जा रहे हैं।
डीएफओ ने बताया कि क्षेत्र में 9 किलोमीटर सोलर फेंसिंग का कार्य प्रगति पर है। वहीं जिला प्रशासन द्वारा पीएमजीएसवाई के माध्यम से आसपास के संवेदनशील क्षेत्रों में भी फेंसिंग का कार्य शुरू किया गया है। प्रभावित गांवों में जनजागरूकता अभियान चलाया जा रहा है तथा त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए बनाए गए व्हाट्सएप समूह सक्रिय हैं।
उन्होंने बताया कि कॉर्बेट तथा पश्चिमी वृत्त से दो पशु चिकित्सकों को मौके पर तैनात किया गया है। क्षेत्राधिकारी, उप प्रभागीय वनाधिकारी और क्यूआरटी टीम लगातार क्षेत्र में निगरानी कर रही है तथा ग्रामीणों से वन्यजीव की गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है।
वन विभाग ने मृतका के परिजनों को मिलने वाली ₹10 लाख की अनुग्रह सहायता के भुगतान की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है। विभाग का कहना है कि मानव-वन्यजीव संघर्ष की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सभी आवश्यक एहतियाती और अनुवर्ती कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जा रहे हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button