चमोली के तमक क्षेत्र हुई तबाही के बाद सर्च ऑपरेशन जारी

ज्योतिर्मठ | सीमांत गाँव तमक में तबाही के बाद बीआरओ के जवान की तलाश में जुटी टीम का सर्च ऑपरेशन जारी है। इसके साथ ही प्रशासन द्वारा सीमांत क्षेत्र की आवाजाही को सुचारु करने के लिए अस्थाई मार्ग तैयार करने का कार्य शुरू कर दिया गया है।
चमोली के तमक क्षेत्र में अतिवृष्टि के बाद हुई तबाही के बीच एसडीआरएफ, एनडीआरएफ, सेना, आईटीबीपी व प्रशासन की टीमें सर्च ऑपरेशन में जुटी हैं। हादसे के बाद से लापता बीआरओ के जवान की तलाश लगातार जारी है।
घाटी का संपर्क जल्द बहाल करने के लिए बीआरओ की टीम सड़क मार्ग खोलने और यातायात व्यवस्था बहाल करने के कार्य में जुटी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि पिछले कुछ वर्षों से नाले का जलस्तर बढ़ने के कारण हाईवे को भारी नुकसान हो रहा है। इसके साथ ही ग्रामीणों के बगीचों को भी भारी नुकसान हुआ है।
इस मामले में उप जिलाधिकारी चंद्रशेखर वशिष्ठ का कहना है कि प्रशासन की ओर से पहली प्राथमिकता अस्थाई तौर पर सड़क खोलकर आवाजाही सुनिश्चित करना है। इसके लिए सामग्री मौके पर पहुँच गई है। जल्द ही हाईवे खोलकर आवाजाही सुचारु कर दी जाएगी। उन्होंने बताया कि आईटीबीपी के जवानों द्वारा रस्सी के सहारे लोगों की आवाजाही कराई जा रही है।




