अपराधउत्तराखंड

स्कॉर्पियो से स्कूटी में टक्कर के बाद मारपीट, मुख्य आरोपी गिरफ्तार

स्कॉर्पियो से स्कूटी में टक्कर के बाद मारपीट, मुख्य आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर स्कूटी में पीछे से स्कॉर्पियो कार की टक्कर मारने और इसके बाद मारपीट करने के मामले में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को गंगापुर रोड से गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घटना 7 अगस्त की रात एलायंस कॉलोनी गेट के पास फ्लाईओवर पर हुई थी। गांधी कॉलोनी वार्ड नंबर 27 निवासी अंकित ने 8 अगस्त को कोतवाली रुद्रपुर में तहरीर देकर बताया कि उसका भाई अभिषेक और बुआ का बेटा जतिन स्कूटी से काशीपुर रोड से घर लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आई स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आरोप है कि स्कॉर्पियो चालक सन्नी चुघ ने वाहन से उतरने के बाद जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए दोनों के साथ मारपीट की और फोन कर अपने अन्य साथियों को भी मौके पर बुला लिया।
तहरीर के आधार पर कोतवाली रुद्रपुर में मुकदमा अपराध संख्या 413/2026 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मंगलवार 11 अगस्त को मुख्य आरोपी सन्नी चुघ पुत्र स्वर्गीय राधेश्याम, निवासी भूरारानी वार्ड नंबर 32, उम्र 32 वर्ष को गंगापुर रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। मामले की निष्पक्ष एवं विधिसम्मत विवेचना करते हुए उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button