अपराधउत्तराखंड

नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई,चरस शराब के साथ दो गिरफ्तार।।

लालकुआं कोतवाल बृजमोहन राणा के नेतृत्व में बिंदुखत्ता पुलिस की बड़ी कार्रवाई, चरस तस्कर व शराब तस्कर गिरफ्तार

लालकुआं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिले में अवैध नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली लालकुआं के प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में बिंदुखत्ता पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई करते हुए एक चरस तस्कर और एक अवैध शराब विक्रेता को गिरफ्तार किया है।

पहली कार्रवाई में चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता उपनिरीक्षक गौरव जोशी और पुलिस टीम ने खैरानी बिंदुखत्ता के पास देर रात चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध स्कूटी (TVS Ntorq) को रोका। स्कूटी की नंबर प्लेट पर मिट्टी लगी होने से शक होने पर तलाशी ली गई। डिक्की में हेलमेट के अंदर रखे पॉलीबैग से 654.10 ग्राम अवैध चरस बरामद हुई। पुलिस ने आरोपी मनोज सिंह रावत निवासी मूलतः पिथौरागढ़ एवं वर्तमान में मुखानी, नैनीताल को स्कूटी सहित गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

दूसरी कार्रवाई में बिंदुखत्ता पुलिस ने मसल्स फैक्ट्री जिम के पास ट्रकों के बीच खाली स्थान पर छापेमारी कर संजय सिंह बिलवाल निवासी बिंदुखत्ता को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से बिक्री के लिए रखी 49 पव्वे अंग्रेजी शराब (28 पव्वे इम्पीरियल ब्लू और 21 पव्वे मैकडॉवेल नं. 1 व्हिस्की) बरामद किए गए। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

कोतवाल बृजमोहन सिंह राणा ने कहा कि लालकुआं क्षेत्र में नशा तस्करों और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। किसी भी कीमत पर नशे के कारोबार को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे तत्वों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

दोनों अभियुक्तों को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button